सोमवार, 12 जुलाई 2021

दूसरों का अनुसरण करने का नुकसान

 मनुष्य का यह स्वभाव होता है कि वह अपने से ताकतवर लोगों का अनुसरण करता है. ताकतवर का अर्थ होता है किसी भी क्षेत्र में आगे, शिक्षा, बुद्धि, बाहुबल, प्रशासन, धन इत्यादि। अपने से आगे या ताकतवर व्यक्ति का अनुसरण करना चाहिए, परन्तु कई बार  अनुसरण अंधविश्वास बन जाता है, और उसका सबसे बढ़ा नुकसान हमें होता है. हम अकसर ताकतवर लोगों के अनुसरण के चक्कर में अपने आप को कमतर समझने लगते है, और अपना आत्मविश्वास  खोने लगते है. हमें लगता है वह जो कर रहे है उनकी सब बाते सर्वोच्च है, इस चक्कर में कई बार हमें खुद की अच्छी बात भी खराब लगने लगती है. इसके कई उदाहरण हम अपने जीवन में देखते है. एक छोटा सा उदाहरण है, हमारे देश में परम्परागत रूप से शादियों में पंगत की व्यवस्था का पालन, खाना परोसने के लिए किया जाता था, जिसके अनेक फायदे थे. परन्तु हमने सिर्फ अनुसरण करने के चक्कर में उस अच्छे तंत्र को ख़त्म कर दिया।  आज हमारे गांव जो अपनी अधिकतम जरूरत को खुद ही पूरा करने में सक्षम थे अब नाम के गांव रह गए है. हमने अपने जीवन की कई ऐसी बातों को सिर्फ दूसरों के अनुसरण करने के कारण खो दिया है. हमें अच्छी बातों का अनुसरण जरूर करना चाहिए परन्तु इसका मतलब यह नहीं की दूसरों की बातों के कारण हम खुद की अच्छी बात को कमतर आंके। हमेशा अपनी अच्छी बातों पर गर्व महसूस करें और इस बात की परवाह न करें की कौन क्या सोच रहा है.

डॉ अजय नागपुरे

बुधवार, 7 जुलाई 2021

ईश्वर और डर

 

जब मनुष्य अपने अहंकार को ईश्वर से जोड़ देता है, तो वह आडंबर की ओर  ज्यादा जाता है और ईश्वर की तरफ कम. उसे लगता उसकी तरह, ईश्वर प्रणाम ना करने से नाराज हो जायेगा, ईश्वर किसी दिन कुछ खाने से नाराज हो जायेगा। जिन लोगों को आप ईश्वर से अपने आप को जोड़ने का माध्यम माना है उन्होंने आपको ईश्वर से प्यार करना कम,  डरना ज्यादा सिखाया है. वैसे भी हमारे यहाँ डर को ही इज्जत देना माना जाता है. आप कही ना कही ईश्वर से डरते है.

आपको लगता है, जिसे आप ईश्वर मानते है, जिसने इस संसार को बनाया है, उसे इस बात से फर्क पढ़ेगा की आज आपने उपवास शुरू करने के बाद खाना तो नहीं खा लिया, आपने कौन सा कपड़ा पहना है, आपने कितनी बार उनको नमन किया। इन  सब बातों को किसी भी पंथ या धर्म में इसलिए शामिल किया गया था की आपका जीवन अनुशासित हो, परन्तु हमने अनुशासन को छोड़ डर को पकड़ लिया। और वह डर हम सब के जीवन पर पूरी तरह हावी हो चूका है.

हमारी सोच देखिये  झूठ बोलने, धोखा देने, भ्रष्टाचार करने, दूसरों को दुःख देने ईश्वर नाराज नहीं होता है, परन्तु मंगलवार को बाल काटने से जरूर हो सकता है. आज जो धार्मिक उन्माद और आपस में बैर का सबसे बढ़ा कारण ये आडम्बर और डर है. जिस दिन हम ईश्वर को डरने की जगह प्यार करने लगेंगे उस दिन दो चीजे होगी एक वर्ग होगा जो ईश्वर को पूरी तरह से मानना छोड़ देगा, और दूसरा वर्ग होगा जो ईश्वर और उसकी बनाई हुई हर कृति को प्यार करेगा.

अजय नागपुरे