सोमवार, 12 जुलाई 2021

दूसरों का अनुसरण करने का नुकसान

 मनुष्य का यह स्वभाव होता है कि वह अपने से ताकतवर लोगों का अनुसरण करता है. ताकतवर का अर्थ होता है किसी भी क्षेत्र में आगे, शिक्षा, बुद्धि, बाहुबल, प्रशासन, धन इत्यादि। अपने से आगे या ताकतवर व्यक्ति का अनुसरण करना चाहिए, परन्तु कई बार  अनुसरण अंधविश्वास बन जाता है, और उसका सबसे बढ़ा नुकसान हमें होता है. हम अकसर ताकतवर लोगों के अनुसरण के चक्कर में अपने आप को कमतर समझने लगते है, और अपना आत्मविश्वास  खोने लगते है. हमें लगता है वह जो कर रहे है उनकी सब बाते सर्वोच्च है, इस चक्कर में कई बार हमें खुद की अच्छी बात भी खराब लगने लगती है. इसके कई उदाहरण हम अपने जीवन में देखते है. एक छोटा सा उदाहरण है, हमारे देश में परम्परागत रूप से शादियों में पंगत की व्यवस्था का पालन, खाना परोसने के लिए किया जाता था, जिसके अनेक फायदे थे. परन्तु हमने सिर्फ अनुसरण करने के चक्कर में उस अच्छे तंत्र को ख़त्म कर दिया।  आज हमारे गांव जो अपनी अधिकतम जरूरत को खुद ही पूरा करने में सक्षम थे अब नाम के गांव रह गए है. हमने अपने जीवन की कई ऐसी बातों को सिर्फ दूसरों के अनुसरण करने के कारण खो दिया है. हमें अच्छी बातों का अनुसरण जरूर करना चाहिए परन्तु इसका मतलब यह नहीं की दूसरों की बातों के कारण हम खुद की अच्छी बात को कमतर आंके। हमेशा अपनी अच्छी बातों पर गर्व महसूस करें और इस बात की परवाह न करें की कौन क्या सोच रहा है.

डॉ अजय नागपुरे

बुधवार, 7 जुलाई 2021

ईश्वर और डर

 

जब मनुष्य अपने अहंकार को ईश्वर से जोड़ देता है, तो वह आडंबर की ओर  ज्यादा जाता है और ईश्वर की तरफ कम. उसे लगता उसकी तरह, ईश्वर प्रणाम ना करने से नाराज हो जायेगा, ईश्वर किसी दिन कुछ खाने से नाराज हो जायेगा। जिन लोगों को आप ईश्वर से अपने आप को जोड़ने का माध्यम माना है उन्होंने आपको ईश्वर से प्यार करना कम,  डरना ज्यादा सिखाया है. वैसे भी हमारे यहाँ डर को ही इज्जत देना माना जाता है. आप कही ना कही ईश्वर से डरते है.

आपको लगता है, जिसे आप ईश्वर मानते है, जिसने इस संसार को बनाया है, उसे इस बात से फर्क पढ़ेगा की आज आपने उपवास शुरू करने के बाद खाना तो नहीं खा लिया, आपने कौन सा कपड़ा पहना है, आपने कितनी बार उनको नमन किया। इन  सब बातों को किसी भी पंथ या धर्म में इसलिए शामिल किया गया था की आपका जीवन अनुशासित हो, परन्तु हमने अनुशासन को छोड़ डर को पकड़ लिया। और वह डर हम सब के जीवन पर पूरी तरह हावी हो चूका है.

हमारी सोच देखिये  झूठ बोलने, धोखा देने, भ्रष्टाचार करने, दूसरों को दुःख देने ईश्वर नाराज नहीं होता है, परन्तु मंगलवार को बाल काटने से जरूर हो सकता है. आज जो धार्मिक उन्माद और आपस में बैर का सबसे बढ़ा कारण ये आडम्बर और डर है. जिस दिन हम ईश्वर को डरने की जगह प्यार करने लगेंगे उस दिन दो चीजे होगी एक वर्ग होगा जो ईश्वर को पूरी तरह से मानना छोड़ देगा, और दूसरा वर्ग होगा जो ईश्वर और उसकी बनाई हुई हर कृति को प्यार करेगा.

अजय नागपुरे

रविवार, 27 जून 2021

कक्षा बारहवीं के बाद कैसे करें आगे की राह निर्धारित?

हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी कक्षा बारह से निकल कर लाखों बच्चे विभिन्न क्षेत्रों में अपने भविष्य को निर्धारित करने वाली पढ़ाई के लिए अग्रसर होंगे। कक्षा बारह के बाद लिया गया निर्णय मध्यम वर्गीय छात्रों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। इस समय माता-पिता और छात्रों दोनों को चाहिए की किसी भी निर्णय पर पहुँचने के पहले काफी सोच विचार करें। चुकी हर छात्र अलग तरह का होता है, अतः एक ही तरह का निर्णय हर छात्र पर लागू नहीं होता है। माता पिता को चाहिए की अपने बच्चे के निर्णय में अपने बच्चों के साथ रहे, परंतु यह भी ध्यान रखे की आपके बच्चों द्वारा लिए गए निर्णय का आधार क्या है। कुछ छात्र अपना निर्णय पहले से ले लेते है और उनका निर्णय समय अनुसार नहीं बदलता है, यह अच्छी बात है। कुछ छात्रों का निर्णय समयानुसार बदलता रहता है, वह समय-समय पर बाहरी लोगों और वातावरण से प्रभावित होते रहते है; कुछ बच्चे अपने माता-पिता की आकांक्षा से प्रभावित या दबे हुए रहते है; कुछ छात्र कोई निर्णय सिर्फ इस लिए ले लेते है, की उनके दोस्त भी वही कर रहे होते है; कुछ छात्रों के माता पिता निर्धारित करते है की उनके बच्चे क्या करें; कुछ छात्र सिर्फ इसलिए किसी विशेष क्षेत्र में जाना चाहते है की उनका कोई रिश्तेदार उस क्षेत्र में है; कुछ छात्र सिर्फ बड़े नाम के कारण संस्थान में कोई भी कोर्स करने ले लिए तैयार रहते है, ऐसे अनेकों कारण होते है। जिन छात्रों का पहले से निर्धारित कर लिया है की उन्हें इसी क्षेत्र में जाना है, और जिनका निर्णय समयानुसार बदल नहीं रहा है, उनके हर निर्णय में माता पिता को उनका साथ देना चाहिए। परंतु बाकी श्रेणियों के छात्रों को किसी भी निर्णय पर पहुँचने से पहले काफी सोच विचार करना चाहिए। आपके प्रतिशत कितने बने है, किसी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता यह सब आपके चुनाव को प्रभावित कर सकते है, परंतु कोशिश करें की इन बातों का प्रभाव अपने निर्णय पर ना पढ़ने दे। किसी भी निर्णय पर जाने से पहले जो बाते महत्वपूर्ण है, वह है, रुचि- छात्र की रुचि किस क्षेत्र में है, वह अपनी रुचि के कार्य पर कितना समय देता है, किसी भी कार्य करते समय वह उस कार्य को कितनी मेहनत और लगन से करता है। अगर छात्र के परीक्षा में नंबर कम आए हो, वह प्रतियोगी परीक्षा में असफल हो, परंतु फिर भी उस क्षेत्र में उसकी गहन रुचि है, तो उसे वह करने दीजिये। कई बार छात्र परीक्षा में कम नंबर लाते है परंतु वह उस विषय से संबंधित कार्य को उस विषय के मेधावी छात्रों से भी अच्छा करते है।

किसी भी संस्थान चाहे वह निजी हो या सरकारी को चुनते समय हमेशा यह देखे की वहां पढ़ाने वाले शिक्षक किस तरह के है, वहां का पुस्तकालय कितना बढ़ा है। आजकल कई अभियांत्रिकी विद्यालय में वही का छात्र पास होने के बाद अपने से एक वर्ष कनिष्ठ छात्रों को पढाने लग जाते है। कई बार छात्र बड़े संस्थान के नाम के चक्कर अपने रुचिकर विषय को भी छोड़ देते है। यह गलती ना करें, अगर आपको अपने रुचि का विषय NIT में मिल रहा है, परंतु IIT में रुचि के विपरीत मिल रहा है तो, सिर्फ IIT के नाम के पीछे ना जाये अपने रुचि के विषय को चुने। जहां तक कोशिश हो ऐसे विद्यालय में जाने को कोशिश करें जहां संपूर्ण देश के विद्यार्थियों से आपका सामना हो। सिर्फ डिग्री के लिए अपने छत्र अपना भविष्य ना बर्बाद करें। आज लाखों अभियांत्रिक छात्र हर वर्ष निकलते है, परंतु इनमें से 80% छत्र को अपने विषय की जानकारी नहीं होती है।

अंत में किसी भी मोटिवेशनल बाते करने वाले या अपने किसी सफल जानने वाले की सलाह पर आँख बंद कर भरोसा कर छात्र अपना भविष्य निर्धारित ना करें। छात्र की रुचि, निरन्तरता, मेहनत, लगन को आधार मानकर विषय और क्षेत्र का चुनाव करें।

डॉ. अजय नागपुरे