बुधवार, 25 दिसंबर 2013

एक है चायवाला और एक है वेट्रेस: कैसे चुन सकते है, हम इन्हे?

पिछले कुछ दिनो से सोशल मीडिया मे कुछ लोग बड़ी शान से इस बात को शेयर कर रहे है की हमारे देश के एक नेता अपने पिछले जीवन मे चाय वाले थे और दूसरी वेट्रेस, मुझे पता नहीं सच्चाई क्या है, और ना ही आप यह समझे की यह कोई राजनीतिक लेख है।  यह बात उनके सम्मान के लिए नहीं, अपमान और उपहास के लिए कही जा रही है। यह साबित करती है, की हमारे “वसुधेव कुटुंबकम” कहलाने वाले समाज मे  चाय बेचने वाले व्यक्ति या होटल मे काम करने वाले को किस नजर से देखा जाता है, और उनका क्या स्तर है। मेरा मानना है की, सोशल मीडिया का उपयोग करने वाले और इन शब्दो को यहा लाने वाले ज़्यादातर लोग देश के बुद्धिजीवी वर्ग से आते है या वे समझते है की वो बुद्धिजीवी है। पर मुझे इसमे थोड़ा संसय लगता है। विश्व मे तो यह तो पता था, की हम जाती और धर्म  के आधार पर भेदभाव करते है, पर चलिये इस बहाने यह बात भी पता चल गई की हमारे यहा व्यवसाय को भी उच-नीच की दृष्टि से देखा जाता है।  हमारे समाज मे इज्जत उसी की होगी जो या तो अधिकारी होगा या पैसा वाला, पैसा चाहे कही से भी आए, हमे इससे फरक नहीं पढ़ता। हम मानते है की मेहनत से चाय बेचना, आपके झूठे बर्तनो को उठाना, आपके घर को साफ करना सबसे गंदा काम है। कही बैठा होगा ईश्वर तो हसता होगा और कहता होगा की कैसे है ये लोग जो मुझे तो कहते है की हे ईश्वर इस धरती पर गंदगी फैलाने वाले पापियो को खत्म कर दे, इस संसार की गंदगी को खत्म  कर दे। परंतु जो धरती पर उनके द्वारा फैलाने वाली गंदगी को दूर करते है, वही लोग उन्हे इतने असम्मान से देखते है। एक तरफ ईश्वर गंदगी हटाये तो पूज्यनीय है, परंतु वही काम यदि मानव करे तो वह घृणित है। आपके किसी से राजनीतिक और वैचारिक मतभेद हो सकते है, और आप उससे सहमत  नहीं है तो आप उसका विरोध कर सकते है ,और हर भाषा मे ऐसे अनेकों शब्द मिल जायेंगे जिसका उपयोग कर आप किसी व्यक्ति का और उसके विचारो का समर्थन या विरोध कर सकते है। परंतु यदि हम किसी व्यवसाय, जाती, धर्म या शारीरिक विकलांगता का उपयोग किसी के अपमान के लिए करे तो मुझे नहीं लगता है की यह तार्किक है और मानवता या ईश्वरवादी विचार है। जब यह सोच हम जैसे पढे लिखे बुद्धिजीवी लोगो की होगी तो अनपढ़ व्यक्ति से आप क्या अपेक्षा करेंगे। आप के व्यवसाय या पद के अनुसार आपको पैसा मिलता है, और आपकी बुद्धिमता के आधार पर आपकी बातों को महत्व। परंतु एक बात है जिस पर हर व्यक्ति का समान अधिकार होता है वह है सम्मान। चाहे वह आपके घर पर काम करने वाला व्यक्ति हो या देश का प्रधान मंत्री, एक मानव होने के नाते सबके मन मे समान भाव होते है और सब सामने वाले से चाहते है की वह उसकी भावनाओ का सम्मान करे। एक बुद्धिजीवी, मानवतावादी  और सच मे ईश्वर को मानने वाले व्यक्ति से इस बात की अपेक्षा की जा सकती है, की वह सबको सम भाव से देखे, और सबका सम्मान करे। भगवान ने राम और कृष्ण के रूप मे इस धरती पर अवतरित होकर इस बात को लोगो के बीच मे उदारण के रूप मे दर्शाने की कोशिश भी की। परंतु हमारे दिमाक पर इन अवतरित पुरुषो की अपेक्षा देश पर शासन करने वाले राजा और अंग्रेज़ो का ज्यादा प्रभाव है। पता नहीं कब हम इनको अपने दिमाक से निकाल पायेंगे, कब हमारे मस्तिष्क से यह सामंतवादी मानसिकता जायगी। कब हम मानेगे की सम्मान पर सबका उतना ही हक़ है जितना की आपका। आप किसीका  अपमान उसके व्यवसाय, जाती धर्म या शारीरिक अक्षमता के कारण नहीं कर सकते है, यदि आप ऐसा करते है, तो ईश्वर के नजर मे अपनी संकीर्ण मानसिकता का परिचय देते है। मान लीजिए आपने एक पेंटिग बनाई और कोई व्यक्ति  आकर उसका उपहास उढ़ाता है या अपमान करता है, तो वह किसका अपमान होगा ?  पंटिंग का या पेंटिग को बनाने वाले का? जिस प्रकार से पेंटिग आपकी कृति है उसी प्रकार से इस संसार की  हर वस्तु ईश्वर की कृति है। उसी ने हमे अपनी ईक्छा के अनुसार विश्व के विभिन्न क्षेत्रो मे , जाती मे, धर्म मे, शारीरिक क्षमता या अक्षमता के साथ  इस धरती पर अवतरित किया है। जब हम उसकी कृति का अपमान करेंगे तो बताइये किसका अपमान होगा? जब आपके एक छोटे से कृत्य का उपहास उड़ाने से आपको इतनी तकलीफ होती है, तो उसे कितना दुख होगा, थोड़ा सोचिए। अभी हाल ही मे पड़ोसी देश के किसी नेता ने कहा की मै लोगो के  बीच मे भेष बदल कर जाना चाहता हु, एक बढ़े ही गंभीर और बुद्धिजीवी पत्रकार ने इसका बढ़ा अच्छा सा उत्तर दिया, उन्होने कहा की यह मानसिकता बताती है की वह अपने आप को सुल्तान समझते है। वैसा ही हमने और हमारे पूर्वजो ने इन राजाओ और अंग्रेज़ो का विरोध तो किया, परंतु मन के किसी कोने मे उनकी मानसिकता को बसा भी लिया, और उन्ही के जैसे व्यवहार को अपना लिया। अगर आप यह सोचते है की यह मानसिकता सिर्फ पैसे वाले और  उच्च लोगो मे ही है तो आपका अनुमान बिलकुल गलत है। आज समाज के ज़्यादातर लोग, किसी भी प्रकार की ताकत आने के बाद वैसा ही व्यवहार करते है जैसा की दूसरे। जिन बाबाओ को आप बहुत ज्यादा मानते है, आपने कभी उनके या उनके द्वारा प्रचारित फोटो पर ध्यान दिया है, कभी किसी नेता को तो कभी किसी व्यवसायी को उनके सामने नतमस्तक होते दिखाया जाता है। यह उनके अंदर का छुपे दंभ को दर्शाता है, वह बताना चाहते है, की देखो मेरे आगे ये भी सिर झुकाते  है। आप सोचिए किसी सच के संत के लिए राजा और रंक मे अंतर हो सकता है। हेयवादी, सामंतवादी मानसिकता और अंग्रेज़ियत इस कदर हम पर  हावी हो चुकी है की की हम सामने वाले व्यक्ति का तिरस्कार और उसके गुणो का अपमान उसके जाती, कपड़े, शारीरिक स्थिति,  धर्म और यहा तक की भाषा बोलने के क्षमता के आधार पर कर देते है। याद रखिए कोई भी काम बुरा नहीं होता सोच बुरी होती है, हममे से हर कोई जंगल मे रहने वाले आदिवासियो की संतान है, और चाय बेचने वाले और होटल मे काम करने वाले उन जंगलियों से कही आगे। जाती, धर्म और किसी के व्यवसाय का उपयोग गाली देने लिए ना करे, यह किसी के सम्मान से जुड़ा हुआ है।  विचारो के विरोध के लिए शब्दो की कमी नहीं है।
जय हिन्द

अजय सिंह नागपुरे 

गुरुवार, 5 सितंबर 2013

मूर्ति पुजा सही या गलत ? (Idol worship right or wrong?)



हमारा 90% ज्ञान सूचनाओं पर आधारित होता है, जो की हम किसी तीसरे व्यक्ति या त्रुटिपूर्ण साहित्य द्वारा प्राप्त करते है। यही जानकारियाँ हमारे बेतुके तर्कों का आधार भी होती है। इन्हीं आधी अधूरी जानकारियों को अपने आप में समाहित किए हुए कभी –कभी हम हर विषय पर जिरह करते हुए पाये जाते है। कभी-कभी  हमारा यह ज्ञान धर्म समाज और देश को वास्तविकता से दूर ले जाता है। आज अगर अपने आस-पास नजर दौड़ाई जाए तो पायेंगे की हम में से हर किसी का विशेष कर धर्म को लेकर लिया गया निर्णय प्रायः एक झुकाव लिए हुए होता है। जो की स्वाभाविक भी है, क्योंकि हमारा निर्माण उसी परिवेश में होता है। इस स्वाभाविकता को मैं तब तक ही सही मानता हूँ जब तक व्यक्ति अशिक्षित है । परंतु जब व्यक्ति शिक्षा के पाने के बाद भी उसी विचारधारा को लिए रहता है, तब उसकी शिक्षा पर थोड़ा संशय पैदा होता है। किसी भी संदर्भ में झुकाव कभी भी देश तथा जनता हित या धर्म अनुकूल नहीं होता। यह शाश्वत सत्य है की समाज और संसार की हर वस्तु, विचार के सदैव से ही दो पहलू रहते है यह आपके दृष्टिकोण पर निर्भर करता है की आप क्या देखना चाहते है।  कागज और समाज के दृष्टिकोण से मैं हिन्दू हूँ, परंतु मेरे लिए मस्जिद, मंदिर गिरजा घर और गुरु द्वारे में रहना वाला एक ही है। और जो जगह मेरे पास होती है मैं वहाँ उससे मिलने चला जाता हूँ।  वह एक ही है यह आप पर निर्भर करता है की आप किस भाषा का उपयोग करते है, अरबी, हिन्दी, इंगलिश या कोई और। हर धर्म ने ईश्वर को पाने के अलग- अलग रास्ते बताए, जिनकी मंजिल एक ही होती है। परंतु समय के साथ हर धर्म कुरीतियों समाहित होती जाती है, और धीरे-धीरे  उसकी वास्तविक विचारधारा बिखरती जाती है, जो की एक प्राकृतिक प्रक्रम है। इन्हीं  कुरीतियों को आधार मान कर कुछ अनुयायी मंजिल को भूल कर रास्तों की तुलना करने लगते है, और समाज को बाटने का प्रयास करते है। हर धर्म ने ईश्वर को मानने या आराधना करने के दो रास्ते या रूप बताए है साकार और निराकार। साकार को हम मूर्ति पुजा भी कहते है। मूर्ति पुजा को लेकर हर विद्वान के अपने अलग-अलग विचार है। कोई इस बात से सहमत है कोई नहीं है। मेरे विचार में इस सहमति या असहमति पर की गई जिरह आधारहीन और अत्यंत ही अ-तार्किक लगती है। वास्तविकता में साकार और निराकार दोनों बराबर है। यह इस बात पर निर्भर करता है की हम भगवान को किस रूप में देखते है। वास्तव में वह हमारे अंदर ही है। आपकी आस्था ही आपको भगवान के साकार या निराकार होने का अहसास दिलाती है। आप भगवान को जिस रूप में माने, वह आपको उसी रूप में ही मिलेंगे। श्री कृष्ण ने श्रीमद भागवत गीता के चौथे अध्याय के ग्यारहवें श्लोक में  इस विषय पर बहुत ही सारगर्भित बात कही है :     
ये यथा माँ प्रपद्यन्ते तांस्तथैव भजाम्यहम्‌ ।
मम वर्त्मानुवर्तन्ते मनुष्याः पार्थ सर्वशः ॥
अर्थात् जो भक्त मुझे जिस प्रकार भजते हैं, मैं भी उनको उसी प्रकार भजता हूँ क्योंकि सभी मनुष्य सब प्रकार से मेरे ही मार्ग का अनुसरण करते हैं। भगवान को साकार या निराकार रूप में देखना हमारी आस्था पर निर्भर करता है। आप उन्हें जैसा भी पूजे आपको उनका सानिध्य समान ही मिलेगा। यदि कोई व्यक्ति आपके ईश्वर के मानने के तरीके पर प्रश्न उठाता है,  तो वह ना की वह आपकी आस्था  को ठेस पहुँचाता साथ ही साथ ईश्वर का भी अनादर करता है। कभी- कभी लोग यह भी प्रश्न उठाते है की हजारों देवी देवता क्यों? मुझे भी नहीं पता क्यों ? पर इतना जरूर पता है की आप किसे भी पुजा आपकी आस्था वही रहेगी और फल भी वही मिलेगा। इस संदर्भ में भगवान कृष्ण ने भागवत गीता में अत्यंत तार्किक बात कही है  
यो यो यां यां तनुं भक्तः श्रद्धयार्चितुमिच्छति ।
तस्य तस्याचलां श्रद्धां तामेव विदधाम्यहम्‌ ॥
स तया श्रद्धया युक्तस्तस्याराधनमीहते ।
लभते च ततः कामान्मयैव विहितान्हि तान्‌ ॥

अर्थात जो-जो सकाम भक्त जिस-जिस देवता के स्वरूप को श्रद्धा से पूजना चाहता है, उस-उस भक्त की श्रद्धा को मैं उसी देवता के प्रति स्थिर करता हूँ। वह पुरुष उस श्रद्धा से युक्त होकर उस देवता का पूजन करता है और उस देवता से मेरे द्वारा ही विधान किए हुए उन इच्छित भोगो को निःसंदेह प्राप्त करता है। इन सब बातों से मेरा इतना ही तात्पर्य है की आप चाहे जिसे माने साकार या निराकार कोई फर्क नहीं पढ़ता। परंतु फर्क तब पढ़ता है जब आप इन में बुराई देखने लगते, और इसी आधार पर आपस में बुरे बन जाते है, जो ना ही धर्म हित में है ना ही मानव हित में। मानव का पहला धर्म दूसरे मानव का और उसकी आस्था और भावना का सम्मान करना। तर्क मंजिल पर लगाओ रास्ते पर नहीं।

जय हिन्द
अजय सिंह नागपुरे

मंगलवार, 12 मार्च 2013

ये है धरती पर असली भगवान के दूत..


इस धरती पर यदा कदा ऐसे संतो का जन्म होता है, जो मानव जाती के लिए कुछ ऐसा कर जाते है, जिसका कर्ज हमारी आने वाली सैकड़ों पीढ़िया भी अपने कर्मो से चुका नहीं सकती है। जिस प्रकार से ईश्वर ने ये धरती बनाई है, और उसके अनुसार धरती पर हर अच्छे या बुरे का समान अधिकार है। उसी तरह संत की सात्विक वाणी या कर्मो पर हर अच्छे या बुरे का समान अधिकार होता है। और ऐसे सच्चे संतो के लिए मेरे मन मे अगाध श्रद्धा है और सर्वथा रहेगी। परंतु कभी- कभी एक अपरिपक्व और अंधविश्वास भरी सोच रस्सी को भी साँप समझ लेती है। आज हममे से ज़्यादातर लोग उसी का हिस्सा है। अक्सर हम उन नकली बाबाओ के चक्कर मे रहते है जिनकी हाथ की सफाई या गोलमोल बातों को हम अपने अंधविश्वास के कारण चमत्कार या ईश्वर की वाणी समझ लेते है। यही सोच कभी- कभी हमारी आंखो पर पर्दा डाल देती है जिसके कारण हम मनावता के उन रक्षको को भुल जाते जिन्हे हमारी पीढ़ियो को भी हमेशा याद रखना चाहिए। हर धर्म ने अपने- अपने महान संतो का विवरण किया है, परंतु मुझे लगता है कुछ संत ऐसे होते है जो धर्म से परे होते है। आप अक्सर बाबाओ के पास जाते है या उनके बारे मे सुनते है। आज के इस युग मे आप कभी ऐसे बाबा से मिले है या उनके बारे मे सुना है जिसने करोड़ो लोगो की जान सिर्फ अपने एक चमत्कार से बचा ली हो, और उनका यह चमत्कार जब तक मानव जाती रहेगी तब तक लोगो की जान बचाता रहेगा। शायद आपका उत्तर ना भी हो सकता है। परंतु मुझे लगता है आप ऐसे हजारो संतो को जानते है, और यदि मै ऐसे हर संत का विवरण करना चाहु तो शायद मेरा सम्पूर्ण जीवन भी कम पड़ेगा। मै उनमे से कुछ की ही बाते करूंगा, शायद उससे ही आप समझ जायंगे की मै क्या कहना चाहता हु। सबसे पहले एक संत की बात करूंगा जिनका जन्म 17 मई 1749 मे हुआ था। उन्होने ऐसा चमत्कार किया की सारी मानव जाती मिलकर भी उनकी पुजा करे तो कम है। उसका नाम था एडवर्ड जेनर जिन्होने सबसे पहले चेचक के टीके की खोज की थी और उनके इस चमत्कार के कारण आज हममे से करोड़ो लोग अपने जीवन का आनंद ले रहे है। यदि एडवर्ड जेनर नहीं होते तो आज सम्पूर्ण दुनिया के 1.5 करोड़ लोग प्रतिवर्ष सिर्फ चेचक के द्वारा काल के ग्रास बन रहे होते (रिफ्रेन्स: Smallpox and its Eradication, वर्ल्ड हैल्थ ऑर्गनाइज़ेशन) । यह बड़ी विडम्बना है की आज हममे से ज़्यादातर को इस संत का नाम भी याद नहीं होगा। यहा मै मनुष्य के दोगलेपन की बात भी बताना चाहूँगा की चेचक के टीके के पहले वह किस प्रकार देवताओ की पुजा करता था। हिंदुस्तान मे शीतला माता की पुजा विशेष रूप से चेचक से बचने के लिए की जाती थी। उसी प्रकार जापान मे चेचक  से बचने के लिए छेंजे हचिरो (Chinzei Hachiro) की  तस्वीर को दीवार मे लटकाया जाता था। चाइनिस लोग देवी ताऊ-शेन नियांग-नियांग (T'ou-Shen Niang-Niang) की पुजा करते थे तथा अफ्रीका मे सोपोना भगवान की पुजा की जाती थी। परंतु जिस एडवर्ड जेनर जैसे संत ने हमे इस घातक बीमारी से  हमेशा के लिए निजात दिलाया उसका तो हमे नाम भी याद नहीं है। अठारहवी और उन्नीसवी सदी मे हजारो लोग सिर्फ हैजा नामक बीमारी से काल के ग्रास बन जाते थे परंतु वल्डेमर हफ़्फ़्किने ने अपने प्रयास और तपष्या से एक इससे बचने का वरदान हमे दिया। वर्ष 1918 मे 2 करोड़ लोग सिर्फ इंफ्लुएंजा नामक बीमारी से काल के ग्रास बन गये थे, किन्तु एक संत डॉ थॉमस फ्रांसिस और उनके समूह ने अपने अथक प्रयास से मानव जाती को इससे बचने का वरदान दिया। अठारहवी सदी के पहले बिजली एक चमत्कार था, परंतु माइकल फराडे नामक संत ने इस चमत्कार की वास्तविकता हमे प्रदान की और ऐसा वरदान दिया जिसका फल जब तक मानव जाती रहेगी तब तक उसे मिलता रहेगा। थॉमस अल्वा एडीसन और ना जाने कितने ऐसे अनेकों है नाम है जिन्होने इस संसार मे रहने वाली ना सिर्फ मानव जाती अपितु पशु और कीटो की जीवन रक्षा के लिए भी अनेकों चमत्कार किए जो आज हम सभी के लिए वरदान है, और रहेंगे। मुझे लगता है की सही मायने मे इस युग के धरती पर भगवान के दूत यही लोग है । ये वो ईश्वर के दूत है, जिन्होने इस कठिनाई भरे धरती के जीवन मे हमे स्वर्ग की अनुभूति प्रदान की है। हो सकता है आप मुझसे सहमत ना हो, तो मै आपसे कहना चाहूँगा एक बार अपने और अपने बच्चो और माता पिता तथा जिन्हे भी आप प्यार करते है उनके जीवन को, इन संतो द्वारा दिये गए वरदानो से अलग करके देखे, तो क्या आपको आपका जीवन उसी तरह दिख रहा है जिस तरह अभी है। याद रखिए हम अक्सर ईश्वर से कहते है की हम अज्ञानी है हमे माफ करना, और वह हमे माफ भी करता है। परंतु हम उसी अज्ञानता के कारण कभी- कभी ईश्वर के उस हाथ को भूल जाते है जो हमारे सिर पर जीवन रूपी छाया बनकर सर्वथा रहता है, और उसका माध्यम यही लोग है। चलो आज मिलकर हम कुछ सोचते है और कुछ बताते है, अपने उन नवनिहालों को की असली संत कोन है। और मै पूरे दावे के साथ कह सकता हु की यदि आपके बच्चो ने इन संतो के मार्ग का एक प्रतिशत भी अनुसरण कर लिया तो यह आपको माता पिता की उस श्रेणी मे ला देगा जिसकी अनुभूति की चाहत माता पिता को रहती है।

जय हिन्द
अजय सिंह नागपुरे 

रविवार, 13 जनवरी 2013

भारतीय संस्कृति और भ्रमित समाज (Indian culture and confused society)



पिछले कुछ दिनो से लोगो का ध्यान सालो से हो रहे जघन्य घटनाक्रमो में से एक पर गया। हर व्यक्ति अपने-अपने विचार दे रहा है।किसी ने कहा की भारत मे यह नहीं यह तो इंडिया मे होता है। किसी ने बदलती संस्कृति और आधुनिकता को इसका कारण बताया। यह जो आधुनिकता और संस्कृति का बदलना ये दो शब्द इस देश मे रह रहे हर व्यक्ति के जीवन मे दो बार जरूर दस्तक देते है। एक तो वह जवानी मे यह शब्द अपने बड़े बुजुर्गो से अपने और अपनी पीड़ी के लोगो के लिए सुनता है। दूसरा बुढ़ापे मे वह वर्तमान की जवान पीढ़ियो के लिए प्रयोग करता है। मै उन अक्ल के बुड़ो से और संस्कृति के ठेकेदारो से कुछ बाते पुछना चाहता हु। आप दुनिया मे सबसे ज्यादा किसिकी इज्जत करते है? तो सबका एक झूठा सा उत्तर होगा। भगवान की। तो ये बताइये आप जिसकी इज्जत करते है, उसकी तस्वीर को उसकी मूर्ति को खुद ही क्यो दिन रात बेइज्जत करते हो। तब कहा जाती है आपकी संस्कृति। बीड़ी से लेकर बनियान तक हर जगह भगवान की फोटो छपी होती है तथा उनके उपयोग के बाद उन्हे कचरे मे फेका जाता है, और खुद हम उसे अपने पैरो से मसलते हुए चलते है। कुछ बड़े मंदिरो को छोड़ दे तो गाव और कस्बो के मंदिरो मे और उनके आस पास गंदगी का कैसा आलम रहता है आप खुद ही जानते है। हरिद्वार मे कुम्भ के पहले हरकी पौड़ी जाने का मौका मिला, उस समय वह का पानी  बंद कर दिया गया था। आप कल्पना नहीं कर सकते जिन मूर्तियो की आप मंदिरो मे पुजा करते थे, उन खंडित मूर्तियो पर लोग पैर रख कर जा रहे थे और यहा तक की उसके आस पास गंदगी फैला रहे थे। बड़ी असमंजस भरी बात थी संस्कृति, के ज्यादतर ठेकेदार ही वही दिखाई पढ़ रहे थे। जो संस्कृति के ठेकेदार यह कहते है की भारत गाव मे बसता है। उनसे यह पुछना हमारा कर्तयव्य है की क्या आपके दिल्ली गेंग रेप के आरोपियों जो की ज्यादतर गाव से दिल्ली आए थे, की सांस्कृतिक जड़े इतनी कमजोर थी, की उन्होने अपनी मर्यादा लांघ ली। जो लड़कियो को बंदिशों की बात कहते है, उन्होने परोक्ष या प्रत्यक्ष रूप से यह मान लिया है की हमारी संस्कृति के पुरुषो की नियत जन्मजात खराब है, हम जन्मजात बलात्कारी और व्यभिचारी है, हमसे बचकर चलो। हम उस आदमखोर श्रेणी के है जो खून देखते ही झपट पड़ते है। ये कहते है की यदि मेरे बच्चे ने कुछ गलती की है तो उसमे पड़ोसी का दोष है और यदि कुछ अच्छा किया तो मेरे संस्कार है। 

इन बुद्धिमान श्रेष्ठ जनो को मै बताना चाहूँगा की समय हमेशा बदलता है और वह अपने साथ इस संसार को भी बदलता है। अपने देश की संस्कृति के बारे मे बताना चाहूँगा। 2500 से 1500 बीसी तक भारत मे सिंधु घाटी सभ्यता और संस्कृति थी, फिर आर्यन मध्य एशिया से आए तो संस्कृति मे बदलाव आया(2000-1500),फिर 1500 से 500 बीसी तक वैदिक युग आया तो संस्कृति मे कुछ बदलाव आया। उसके बाद नन्द वंश आया (364-381), मौर्य वंश आया, सेकड़ों लोग आए, 1526-1857 मुगल संस्कृति आई, फिर अंग्रेज़ आए और सबके कारण संस्कृति बदलती गई। वह हमेशा एक नहीं रही और ना हो सकती है। यह प्रकृति का नियम है की बदलाव तो आयंगे ही। बदलाव अच्छे और बुरे दोनों हो सकते है। यह तो कौम पर निर्भर करता है की वह किसे ग्रहण करती है। ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी के अनुसार संस्कृति का अर्थ है “The Arts and Other Manifestations of Human Intellectual Achievement Regarded Collectively” अथार्थ संस्कृति कला और मानव बौद्धिक उपलब्धि अभिव्यक्तियों का एक समूहिक रूप, जो की हर युग मे अलग अलग होता है। परंतु यह बात हमारे वर्तमान मे बुद्धिमान कहलाने वाले लोगो के समझ से परे है। हर असफल व्यक्ति की एक सामान्य आदत होती है, वह अपनी हर असफलता के लिए दूसरों को दोष देता रहता है। शायद हिंदुस्तान उसी दौर से गुजर रहा है। किसी भी समाज की या देश की प्रगति उस देश के श्रेष्ठतम लोगो पर टिकी होती है। और वह जैसा आचरण करते है, अन्य लोग भी वैसा ही आचरण करते हैं। इसी संदर्भ मे गीता मे तीसरे अध्याय के 21वे श्लोक मे लिखा है।   

यद्यदाचरति श्रेष्ठस्तत्तदेवेतरो जनः ।
स यत्प्रमाणं कुरुते लोकस्तदनुवर्तते ॥

अर्थार्थ  श्रेष्ठ पुरुष जो-जो आचरण करता है, अन्य पुरुष भी वैसा-वैसा ही आचरण करते हैं। वह जो कुछ प्रमाण कर देता है, समस्त मनुष्य-समुदाय उसी के अनुसार बरतने लग जाता है॥21॥

इस श्लोक को समझिए आप इस देश मे हो रहे बदलाव को अपने आप समझ जायंगे। देश के हर व्यक्ति की नजर मे कोई ना कोई श्रेष्ठ पुरुष होता है, देश होता है, संस्कृति होती है। और जो बुद्धिजीवी होता है वह उस श्रेष्ठ के सकारात्मक गुणो को अपने व्यक्तित्व मे, देश मे और संस्कृति मे लाने का प्रयास करता है। तथा जो निर्बल होता है वह उस श्रेष्ठ के सबसे बाहरी आवरण का सिर्फ अनुकरण करता है, तथा उससे वह समाज को सतही तौर पर बताना चाहता है की वह भी श्रेष्ठ है। हिंदुस्तान की ज़्यादातर जनता और नेता दोनों दूसरी श्रेणी मे आते है। एक बात और भी महत्वपूर्ण है की हम किसे श्रेष्ठ मानते है। और हम जिसे भी श्रेष्ठ मानते है उसकी छबि कही ना कही हमारे व्यक्तित्व मे रहती है। अगर हम अपने देश के लोगो का श्रेष्ठ का पैमाना जानना चाहे तो वह बड़ा जटिल है। हमने हर जगह की सबसे सरल बातो को अपने आप मे समाहित की हुई है। अगर ऊपरी दिखावा की बात की जाये तो हम पश्चिमी सभ्यता किए अनुकरणीय है परंतु यदि कर्म की बात की जाये तो हम अपने निक्रष्ट श्रेष्ठ लोगो के अनुकरणीय है। तो वास्तविक रूप से हम वो भ्रमित लोग है जो कही के नहीं है। आप से कुछ प्रश्न पुछना चाहूँगा। यह बताइये की किसी की पीड़ी मे किसी समय बहुत समृद्धि थी, तो क्या उसे हमेशा यह याद करके अपना मन बहलाना चाहिए या फिर उसे फिर से प्राप्त करने के लिए कर्म करना चाहिए। अगर वह सिर्फ पुरानी बातों को याद करता रहता है तो उसे आप क्या कहंगे, शायद अकर्मण्य या निकम्मा। तो फिर दिन आप रात क्यो कहते रहते हो की हमारी संस्कृति मे ऐसा था, हम समृद्ध थे। क्यो नहीं कहते की आज हम कैसे है और हमे क्या करना चाहिए। क्यो हम अपनी तुलना दूसरों से करे, क्यो न अपने इतिहास से ही अपनी तुलना करे। हंम उस औलाद की तरह है जिसने अपने जीवन मे कुछ नहीं किया और जो अपने पिता के कर्मो को याद कर मन बहलाता रहता है। याद रखिए आप आज जो भी है, जिस भी स्थिति मे है उसमे किसी पश्चिमी सभ्यता या आपके पड़ोसी का हाथ नहीं है। इसी संधर्भ मे भगवान कृष्ण ने गीता के अध्याय 6 के 5 वे श्लोक मे कहा है 
   
उद्धरेदात्मनाऽत्मानं नात्मानमवसादयेत्‌ ।
आत्मैव ह्यात्मनो बन्धुरात्मैव रिपुरात्मनः ॥
अरतार्थ अपने द्वारा अपना संसार-समुद्र से उद्धार करे और अपने को अधोगति में न डाले क्योंकि यह मनुष्य आप ही तो अपना मित्र है और आप ही अपना शत्रु है॥5॥

जय हिन्द
अजय सिंह नागपुरे