रविवार, 21 अगस्त 2022

मै अलग हूँ!

 हम इस संसार में दो तरह के मानवीय पर्यावरण में रहते है, पहला, वृहत संसार जो की ज्ञान में, जानकारी में और जीवन के हर पहलू के लिए अनंत है, दूसरा सूक्ष्म पर्यावरण, जो की अत्यधिक सीमित होता है. इस सूक्ष्म पर्यावरण में हमारे कुछ जानने वाले, और चुनिंदा लोग होते है. इस सूक्ष्म पर्यावरण का हम पर अत्यधिक प्रभाव होता है, अकसर हम इस पर्यावरण को ही संसार मान लेते है. इस सूक्ष्म पर्यावरण के लोगों में कई तरह की समानता होती है, तभी हम इससे जुड़े होते है. इस पर्यावरण के किसी भी व्यक्ति में, एक छोटे से बदलाव पर भी, सबका ध्यान जाता है. उदाहरण के लिए, अगर हमारे आस-पास के सभी लोग कम पढ़े लिखे है, और हमने थोड़ी पढ़ाई कर ली है तो सभी क्या ध्यान हम पर जाता है; हमारे आस-पास के लोगों के पास थोड़ा कम पैसा है, और हमारे पास, थोड़ा ज्यादा आ गया तो सभी का ध्यान हम पर जाता है, ऐसी कई तरह की बाते है.

अकसर हम इस सूक्ष्म पर्यावरण को ही संसार मान लेते है, और कई बार हममें आये छोटे से बदलाव के कारण हम अपने आप को अलग मान लेते है. यह बदलाव कुछ भी हो सकता है, थोड़ी सी ज्यादा जानकारी, पैसा, पद, सत्ता, भौतिक सुविधाएं। आपने खुद से या आस पास से कई बार सुना होगा की मैं अलग हूँ. यह अलग होने का भाव हमारी एक अपरिपक्व सोच का परिचायक होता है. जब हम इस भाव में अत्यधिक समाहित हो जाते है, तो हममें अचानक से बदलाव आने लगते है, जैसे अहम, दूसरों का असम्मान, ज्ञानी होने का भाव, दूसरों का उपहास. यह वृहत संसार असीमित है, और हम जब भी खुद को अपने सूक्ष्म पर्यावरण में सीमित कर लेते है, तो हम अपने परिवार, बच्चों और उनके भविष्य को सीमाओं में कैद कर लेते है, जो की हमारी तरक्की के लिए घातक होते है.
विश्व के महानतम वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन ने अपने आखिरी समय कहा था की वह बहुत अज्ञानी है, इस संसार को जान नहीं पाए. वह कहते थे की वह अपने जीवन में ९९% समय अपने आप को गलत पाते थे. इसी सोच ने उन्हें महान वैज्ञानिक बनाया।
आखिरी में एक बात और कहना चाहूंगा की, जब भी हम किसी भी प्रकार की अच्छे या बुरे संस्कार या ज्ञान की बाते सुनते है, और हमें उस समय दूसरों को उस बात से जोड़ने का ख्याल आये तो हमें समझ लेना, हम अभी भी अपनी अपरिपक्व सोच के उलझे हुए है. क्यों ना हम इन सभी बातों पर खुद चिंतन करें दूसरों का ख्याल छोड़ कर पहले खुद को लेकर सोचे।
डॉ. अजय सिंह नागपुरे

सोमवार, 12 जुलाई 2021

दूसरों का अनुसरण करने का नुकसान

 मनुष्य का यह स्वभाव होता है कि वह अपने से ताकतवर लोगों का अनुसरण करता है. ताकतवर का अर्थ होता है किसी भी क्षेत्र में आगे, शिक्षा, बुद्धि, बाहुबल, प्रशासन, धन इत्यादि। अपने से आगे या ताकतवर व्यक्ति का अनुसरण करना चाहिए, परन्तु कई बार  अनुसरण अंधविश्वास बन जाता है, और उसका सबसे बढ़ा नुकसान हमें होता है. हम अकसर ताकतवर लोगों के अनुसरण के चक्कर में अपने आप को कमतर समझने लगते है, और अपना आत्मविश्वास  खोने लगते है. हमें लगता है वह जो कर रहे है उनकी सब बाते सर्वोच्च है, इस चक्कर में कई बार हमें खुद की अच्छी बात भी खराब लगने लगती है. इसके कई उदाहरण हम अपने जीवन में देखते है. एक छोटा सा उदाहरण है, हमारे देश में परम्परागत रूप से शादियों में पंगत की व्यवस्था का पालन, खाना परोसने के लिए किया जाता था, जिसके अनेक फायदे थे. परन्तु हमने सिर्फ अनुसरण करने के चक्कर में उस अच्छे तंत्र को ख़त्म कर दिया।  आज हमारे गांव जो अपनी अधिकतम जरूरत को खुद ही पूरा करने में सक्षम थे अब नाम के गांव रह गए है. हमने अपने जीवन की कई ऐसी बातों को सिर्फ दूसरों के अनुसरण करने के कारण खो दिया है. हमें अच्छी बातों का अनुसरण जरूर करना चाहिए परन्तु इसका मतलब यह नहीं की दूसरों की बातों के कारण हम खुद की अच्छी बात को कमतर आंके। हमेशा अपनी अच्छी बातों पर गर्व महसूस करें और इस बात की परवाह न करें की कौन क्या सोच रहा है.

डॉ अजय नागपुरे

बुधवार, 7 जुलाई 2021

ईश्वर और डर

 

जब मनुष्य अपने अहंकार को ईश्वर से जोड़ देता है, तो वह आडंबर की ओर  ज्यादा जाता है और ईश्वर की तरफ कम. उसे लगता उसकी तरह, ईश्वर प्रणाम ना करने से नाराज हो जायेगा, ईश्वर किसी दिन कुछ खाने से नाराज हो जायेगा। जिन लोगों को आप ईश्वर से अपने आप को जोड़ने का माध्यम माना है उन्होंने आपको ईश्वर से प्यार करना कम,  डरना ज्यादा सिखाया है. वैसे भी हमारे यहाँ डर को ही इज्जत देना माना जाता है. आप कही ना कही ईश्वर से डरते है.

आपको लगता है, जिसे आप ईश्वर मानते है, जिसने इस संसार को बनाया है, उसे इस बात से फर्क पढ़ेगा की आज आपने उपवास शुरू करने के बाद खाना तो नहीं खा लिया, आपने कौन सा कपड़ा पहना है, आपने कितनी बार उनको नमन किया। इन  सब बातों को किसी भी पंथ या धर्म में इसलिए शामिल किया गया था की आपका जीवन अनुशासित हो, परन्तु हमने अनुशासन को छोड़ डर को पकड़ लिया। और वह डर हम सब के जीवन पर पूरी तरह हावी हो चूका है.

हमारी सोच देखिये  झूठ बोलने, धोखा देने, भ्रष्टाचार करने, दूसरों को दुःख देने ईश्वर नाराज नहीं होता है, परन्तु मंगलवार को बाल काटने से जरूर हो सकता है. आज जो धार्मिक उन्माद और आपस में बैर का सबसे बढ़ा कारण ये आडम्बर और डर है. जिस दिन हम ईश्वर को डरने की जगह प्यार करने लगेंगे उस दिन दो चीजे होगी एक वर्ग होगा जो ईश्वर को पूरी तरह से मानना छोड़ देगा, और दूसरा वर्ग होगा जो ईश्वर और उसकी बनाई हुई हर कृति को प्यार करेगा.

अजय नागपुरे

रविवार, 27 जून 2021

कक्षा बारहवीं के बाद कैसे करें आगे की राह निर्धारित?

हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी कक्षा बारह से निकल कर लाखों बच्चे विभिन्न क्षेत्रों में अपने भविष्य को निर्धारित करने वाली पढ़ाई के लिए अग्रसर होंगे। कक्षा बारह के बाद लिया गया निर्णय मध्यम वर्गीय छात्रों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। इस समय माता-पिता और छात्रों दोनों को चाहिए की किसी भी निर्णय पर पहुँचने के पहले काफी सोच विचार करें। चुकी हर छात्र अलग तरह का होता है, अतः एक ही तरह का निर्णय हर छात्र पर लागू नहीं होता है। माता पिता को चाहिए की अपने बच्चे के निर्णय में अपने बच्चों के साथ रहे, परंतु यह भी ध्यान रखे की आपके बच्चों द्वारा लिए गए निर्णय का आधार क्या है। कुछ छात्र अपना निर्णय पहले से ले लेते है और उनका निर्णय समय अनुसार नहीं बदलता है, यह अच्छी बात है। कुछ छात्रों का निर्णय समयानुसार बदलता रहता है, वह समय-समय पर बाहरी लोगों और वातावरण से प्रभावित होते रहते है; कुछ बच्चे अपने माता-पिता की आकांक्षा से प्रभावित या दबे हुए रहते है; कुछ छात्र कोई निर्णय सिर्फ इस लिए ले लेते है, की उनके दोस्त भी वही कर रहे होते है; कुछ छात्रों के माता पिता निर्धारित करते है की उनके बच्चे क्या करें; कुछ छात्र सिर्फ इसलिए किसी विशेष क्षेत्र में जाना चाहते है की उनका कोई रिश्तेदार उस क्षेत्र में है; कुछ छात्र सिर्फ बड़े नाम के कारण संस्थान में कोई भी कोर्स करने ले लिए तैयार रहते है, ऐसे अनेकों कारण होते है। जिन छात्रों का पहले से निर्धारित कर लिया है की उन्हें इसी क्षेत्र में जाना है, और जिनका निर्णय समयानुसार बदल नहीं रहा है, उनके हर निर्णय में माता पिता को उनका साथ देना चाहिए। परंतु बाकी श्रेणियों के छात्रों को किसी भी निर्णय पर पहुँचने से पहले काफी सोच विचार करना चाहिए। आपके प्रतिशत कितने बने है, किसी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता यह सब आपके चुनाव को प्रभावित कर सकते है, परंतु कोशिश करें की इन बातों का प्रभाव अपने निर्णय पर ना पढ़ने दे। किसी भी निर्णय पर जाने से पहले जो बाते महत्वपूर्ण है, वह है, रुचि- छात्र की रुचि किस क्षेत्र में है, वह अपनी रुचि के कार्य पर कितना समय देता है, किसी भी कार्य करते समय वह उस कार्य को कितनी मेहनत और लगन से करता है। अगर छात्र के परीक्षा में नंबर कम आए हो, वह प्रतियोगी परीक्षा में असफल हो, परंतु फिर भी उस क्षेत्र में उसकी गहन रुचि है, तो उसे वह करने दीजिये। कई बार छात्र परीक्षा में कम नंबर लाते है परंतु वह उस विषय से संबंधित कार्य को उस विषय के मेधावी छात्रों से भी अच्छा करते है।

किसी भी संस्थान चाहे वह निजी हो या सरकारी को चुनते समय हमेशा यह देखे की वहां पढ़ाने वाले शिक्षक किस तरह के है, वहां का पुस्तकालय कितना बढ़ा है। आजकल कई अभियांत्रिकी विद्यालय में वही का छात्र पास होने के बाद अपने से एक वर्ष कनिष्ठ छात्रों को पढाने लग जाते है। कई बार छात्र बड़े संस्थान के नाम के चक्कर अपने रुचिकर विषय को भी छोड़ देते है। यह गलती ना करें, अगर आपको अपने रुचि का विषय NIT में मिल रहा है, परंतु IIT में रुचि के विपरीत मिल रहा है तो, सिर्फ IIT के नाम के पीछे ना जाये अपने रुचि के विषय को चुने। जहां तक कोशिश हो ऐसे विद्यालय में जाने को कोशिश करें जहां संपूर्ण देश के विद्यार्थियों से आपका सामना हो। सिर्फ डिग्री के लिए अपने छत्र अपना भविष्य ना बर्बाद करें। आज लाखों अभियांत्रिक छात्र हर वर्ष निकलते है, परंतु इनमें से 80% छत्र को अपने विषय की जानकारी नहीं होती है।

अंत में किसी भी मोटिवेशनल बाते करने वाले या अपने किसी सफल जानने वाले की सलाह पर आँख बंद कर भरोसा कर छात्र अपना भविष्य निर्धारित ना करें। छात्र की रुचि, निरन्तरता, मेहनत, लगन को आधार मानकर विषय और क्षेत्र का चुनाव करें।

डॉ. अजय नागपुरे 





सोमवार, 29 अप्रैल 2019

दूसरों की ख़ुशी को अपने पैमाने से ना नापे

Image result for poor happiness

सोशल  मीडिया आज एक  वर्चुअल पड़ोस  बन चूका है, जहां हम अपने जीवन के लम्हों  को अपने मित्रों से बाटते है.  कुछ दिनों  पहले ऐसे ही एक व्यक्ति ने अपने जीवन के एक छोटे से सुखद लम्हे को सोशल  मीडिया पर साझा किया। लम्हा था, घर में एक आधुनिक डिज़ाइन वाले कूलर के आगमन का. गर्मी के मौसम में सच में यह अत्यंत यह सुखद अनुभव है. उस व्यक्ति के लिए और उसके परिवार के आनंदपूर्ण का अनुभव था. परन्तु, यह आनंद उसके कुछ मित्रों को अच्छा नहीं लगा, उन्हें लगा की कूलर जैसी वस्तु के बारे में कोई सोशल  मीडिया पर साझा करता है. जाने या अनजाने में इन मित्रो ने उसे इस बात से अवगत करा दिया की तुम्हारा कूलर  का खरीदना और उसे सोशल  मीडिया में साझा करना अत्यंत छोटी बात है. इस घटना ने उस व्यक्ति की ख़ुशी को ना केवल ग्रहण लगा दिया बल्कि उसकी उस सोच को और बढ़ा दिया की वह गरीब है. जिन्होंने उसे उसकी गरीबी का अहसास कराया वे वही लोग थे जिनमें से किसी ने कुछ दिन पहले नई  गाडी, महंगे होटल में खाना, इत्यादि को सोशल  मीडिया पर हर्ष के साथ साझा किया था. 

ऐसे उदाहरण हमारे आस पास रोजाना देखने को मिलते है. हम सभी के हर्ष का एक पैमाना होता है. परन्तु परेशानी जब  पैदा होती जब होती है, जब हम अपने इस पैमाने से दुसरा के हर्ष को मापने लगते है. दूसरी ओर, समाज के कुछ लोग के द्वारा तय किए गए पैमाने के कारण कई लोग अपने आप को इस पैमाने में फिट करने की जद्दोजहद में लगे रहते है. इस प्रक्रिया में कही ना कही हम समाज एक मानसिक असमानता उत्पन्न कर रहे है.

एक गरीब आदमी के परिवार के लिए  कूलर और अमीर के  सेन्ट्रल  एसी  समान ख़ुशी देता है. एक बाबू की नौकरी करने वाला पिता और कलेक्टर पिता अपने बच्चों को समान ही प्यार करते है.  परन्तु कई बार समाज की खोखली सोच  के कारण कई बार हम उनकी भी तुलना करने लगते  है. ख़ुशी छोटी हो या बढ़ी हो, छोटे आदमी की हो या बड़े की, ख़ुशी, ख़ुशी होती है, उसे ख़ुशी ही रहने दे. अपनी ख़ुशी को दूसरों के पैमाने से, और दूसरों की ख़ुशी को अपने पैमाने से ना नापे।

अजय सिंह नागपुरे

सोमवार, 7 सितंबर 2015

पी एम 2.5: लाखो लोगो की मौत का कारण

पी एम 2.5 हमारी आस पास की हवा में घुला एक ऐसा अदृश्य जहर हैं, जो प्रति वर्ष विश्व के लगभग 80 लाख लोगो की मौत का कारण बनता हैं। हिंदुस्तान में हर वर्ष लगभग 700,000 लोग सिर्फ पी एम 2.5 से होने वाली बीमारियो के कारण मारे जाते हैं। देश मे सबसे ज्यादा मौते हाई ब्लड प्रेशर के कारण होती हैं, तथा घर के अंदर खाना पकाने के लिए लकडियो, गोबर के उपले, व केरोसिन से निकलने वाले धुंए से उत्पन्न पी एम 2.5 मौत दूसरा सबसे बढ़ा कारण हैं। सिगरेट पीना और खाने मे पोषक तत्वों की कमी देश मे होने वाली मौतों का तीसरा व चौथा सबसे बढ़ा कारण हैं। पाँचवा बढ़ा कारण बाहर की हवा में उपस्थित पी एम 2.5 हैं, जो की गाड़ियों, फैक्टरी और कचरा जलाने से निकलने वाले धुंए से आता हैं।

पी एम 2.5 कैसे हमारे स्वास्थ्य को प्रभावित करता हैं? इस विषय मे कई लोग जानते होंगे। परंतु जो नहीं जानते उनकी जानकारी के लिए बताना चाहूँगा। पी एम 2.5 वायु प्रदूषक तथा हवा में पाये जाने वाले अत्यधिक छोटे कण होते हैं, जिनका आकार 2.5 माइक्रोन से कम होता हैं। माइक्रोन, इंच, सैंटीमीटर और मीटर की तरह लंबाई मापने की एक इकाई होती हैं। एक इंच में लगभग 25000 माइक्रोन होते हैं। एक पी एम 2.5 के कण का आकार हमारे सर के बाल से लगभग 30 गुना कम होता हैं।   

पी एम 2.5 के स्रोत
पी एम 2.5 हवा में किसी भी प्रकार के पदार्थ को जलाने से निकलने वाले धुंए से आता हैं। वाहनों के इंजन में पेट्रोल और डीजल के जलने से धुआं निकलता हैं, और इस धुंए में विभिन्न प्रकार के प्रदूषक होते हैं, जिनमें पी एम 2.5 भी एक होता हैं। लकड़ी, गोबर के उपले, कोयला, केरोसिन तथा कचरा जलाने, फैक्टरी, सिगरेट से निकलने वाला धुंए में पी एम 2.5 की मात्र अत्यधिक होती हैं। 

पी एम 2.5 का आपके स्वास्थ्य पर प्रभाव   
चूंकि पी एम 2.5 आकार में अत्यधिक छोटे होते हैं, इसलिए यह बड़ी सरलता से हमारी साँस द्वारा हमारे फेफड़ों तक पहुच जाते हैं। पी एम 2.5 कई प्रकार से हमारे स्वास्थ्य पर असर डालते हैं। कई बार अचानक छींक, खांसी, आंखों, नाक, गले और फेफड़ों में होने वाली जलन का कारण पी एम 2.5 भी हो सकता हैं। लंबे समय तक पी एम 2.5 की अधिकता वाली प्रदूषित हवा मे रहने से अस्थमा, फेफड़ों तथा हृदय संबंधी बीमारी होने की संभावना अत्यधिक बढ़ जाती हैं, तथा यही बीमारिया मौत का कारण बनती है।  पी एम 2.5 से होने वाली बीमारी का खतरा बूढ़े और बच्चो में अत्यधिक होती हैं।

भारत में शहरों में रहने वालों की संख्या दिन ब दिन बढ़ती जा रही हैं। वाहनों, फैक्टरी तथा कचरा जलाने से निकलने वाला धुआँ शहरों में पी एम 2.5 का मुख्य स्रोत होता हैं। आज विश्व के 20 सबसे ज्यादा प्रदूषित शहरों में भारत के 14 शहर आते हैं। देश के ज़्यादातर शहरो मे पी एम 2.5 का स्तर सरकार द्वारा निर्धारित किए गए मानको से अक्सर जादा पाया जाता है।

ऐसा नहीं हैं की शहर के ही लोग ही पी एम 2.5 से प्रभावित हो रहे हैं, और गांवों में रहने वाले इससे सुरक्षित हैं। आज देश के सिर्फ 28% घरों में ही ऐलपीजी गैस द्वारा खाना बनाया जाता हैं, जिससे काफी कम मात्र में पी एम 2.5 निकलता हैं। देश के 50% घरों में आज भी खाना लकड़ी से ही बनता हैं।  21% घरों में गोबर के उपले, कोयला और केरोसिन का उपयोग खाना बनाने के लिए क्या जाता हैं।  लकड़ी, गोबर के उपले, कोयला और केरोसिन के उपयोग करने वालों की संख्या देश के गांवों में सबसे अधिक हैं, जिसके धुए से निकलने वाला पी एम 2.5 देश में होने वाली मौतों का दूसरा बढ़ा कारण हैं।

कैसे बच सकते है पी एम 2.5 के प्रदूषण से  
सरकार तथा अन्य संस्थाएं हवा में उपस्थित इन प्रदूषक को कम करने के लिए अपने स्तर पर प्रयासित हैं। परंतु हम सभी द्वारा किए गए थोड़े बहुत प्रयास, पी एम 2.5 के प्रभाव को काफी हद तक कम कर सकते है। यदि हमें अपने और अपने बच्चो को स्वस्थ देखना हैं, तो हमें हर स्तर अपने आस पास की हवा को सुरक्षित करने का प्रयास करना होगा। नीचे लिखे बातों का पालन कर पी एम 2.5 होने वाले हानिकारक प्रभावों से अपने और अपने बच्चो को काफी हद तक बचा सकते हैं:
  1. रोज अपने शहर मे प्रदूषण के स्तर को पता करे, इसकी जानकारी इंटरनेट और आपके फोन पर आसानी से उपलब्ध हैं।
  2. यदि आपके शहर की हवा प्रदूषित हैं, तो बाहर एक्सरसाइज़ बिलकुल ना करे।  प्रदूषित हवा में एक्सरसाइज़ करना और भी अधिक हानिकारक हो सकता हैं। यदि हवा प्रदूषित है, तो बच्चो बाहर खेलने ना दे।
  3. कोशिश करे की घर में इलैक्ट्रिसिटी का उपयोग जरूरत होने पर ही करे। आप को प्राप्त होने वाली इलैक्ट्रिसिटी पावर प्लांट से आती हैं, जो की पी एम 2.5 और अन्य प्रदूषको का मुख्य स्रोत होता हैं। 
  4. बच्चो को स्कूल बस से जाने के लिए प्रोत्साहित करे। बच्चो के स्कूल को कहे की, स्कूल बस की  सही समय पर मरम्मत करे और कम प्रदूषण वाले ईधन का इस्तेमाल करे।
  5. जरूरत पढ़ने पर ही अपने निजी वाहन का प्रयोग करे तथा साइकिल का इस्तेमाल ज्यादा से ज्यादा करे, पैदल चले। सार्वजनिक वाहन जैसे बस, ट्रेन का उपयोग ज्यादा करे।  साथियो के साथ कार शेयर करके ऑफिस जाये।
  6. कचरा बिलकुल ना जलाए। धुआँ रहित चूल्हे का उपयोग खाना बनाने के लिए करे। लकड़ी तथा अन्य प्रदूषण फैलाने वाले ईधन का इस्तेमाल कम करे। खाना बनाते समय घरों को खिड़की दरवाजे खुले रखे।  
  7. किसी को भी घर के अंदर सिगरेट या बीड़ी पीने की इजाजत ना दे। यह आपके और आपके बच्चो के लिए काफी खतरनाक हो सकता हैं।

आपके द्वारा किए गए ये छोटे छोटे प्रयास आपको जानलेवा बीमारियो से बचा सकता है तथा साथ ही साथ आपके आस पास की हवा को शुद्ध रखने मे कारगर हो सकता है।

डॉ अजय सिंह नागपुरे  

रविवार, 4 जनवरी 2015

क्या भाषा से धर्म बनता है?

किसी भी धर्म के उद्भव में भाषा का अत्यधिक महत्व होता है, या कहो भाषा ही कालांतर में धर्म को परिभाषित करने लग जाती है। उदारण के तौर यदि हमारे देश की भाषा हमेशा से ही अंगेरेजी रहती तो, हम भगवान को भगवान न कहकर गॉड के नाम से ही जानते, और हमारे नाम पीटर, जॉन इत्यादि होते। वही अगर सम्पूर्ण विश्व की भाषा हिन्दी होती तो विश्व मे कही भी  किसी धर्म का उद्भव होता, तो वह अपने इष्ट को भगवान ही कहते, चूंकि हिन्दी भाषा मे वही शब्द आराध्य के लिए बना है। जहा भी धर्म का उद्भव होता है, उस क्षेत्र की भाषा के अनुरूप आराध्य को संबोधित किया जाने लगता है। धर्म के अनुसार ईश्वर और हमारे नाम सिर्फ और सिर्फ भाषा का खेल है, और कुछ नहीं। ठीक उसी प्रकार जैसे आम को अँग्रेजी मे Mango, अरेबिक मे مانجا,  फ्रेंच मे Mangue कहते है, परंतु जब आप उस आम को खाते है, तो स्वाद वही रहता है, चाहे आप उसे दीपावली मे खा रहे हो या क्रिसमस मे, या आप उसे हिंदुस्तान मे उसे खा रहे हो या किसी और देश मे। अब आप पर निर्भर करता है की आप इस विषय मे किस तरह से सोचते है।


अजय सिंह नागपुरे